रांची: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर भाई-बहन के प्यार की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं लंबी उम्र की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधी और उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बड़ी बहन का आशीर्वाद लिया। वहीं, छोटी बहनों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रक्षाबंधन के इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों को भी श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
