Chatra News: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में युवती दिव्या कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस का दावा है कि अदालत में गवाही से पहले दिव्या की हत्या की साजिश रची गई और इसके लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, 26 जून को हंटरगंज के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से दिव्या का शव बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, दिव्या का प्रेम संबंध बिहार के गया जिले के रहने वाले राहुल यादव से था। बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और दिव्या ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया। जांच में सामने आया कि राहुल को आशंका थी कि अदालत में दिव्या की गवाही उसके खिलाफ जा सकती है। इसी वजह से उसने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
पुलिस का आरोप है कि राहुल यादव ने गया के खरांटी गांव निवासी नेपाली गंझू को दो लाख रुपये देकर दिव्या की हत्या कराने की जिम्मेदारी सौंपी। जांच में यह भी सामने आया कि दिव्या की गला दबाकर हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।
वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी राहुल यादव अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
