सर्वधर्म सद्भावना समिति की बैठक में बोले डीसी, दुर्गा पूजा के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत

Dayanand Roy
3 Min Read

सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करेगा प्रशासन

रांची : डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को बिहार क्लब, राँची के सभागार में सर्वधर्म सद्भावना समिति की बैठक आयोजित की गई।  बैठक में मंजूनाथ भजन्त्री ने सर्वधर्म सद्भावना समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी में सभी पर्व सामाजिक सौहार्द और शांति के साथ मनाए जाते हैं, जो समिति के अथक प्रयासों और सहयोग से संभव है।

उन्होंने कहा की रांची देश में सामाजिक सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाने के लिए अच्छा उदाहरण पेश करता है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों को जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया।

बैठक में उन्होंने विशेष रूप से दुर्गा पूजा के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व छोटी-मोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं।

ऐसी स्थिति से निपटने के लिए शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन को त्वरित सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और कंट्रोल रूम के माध्यम से निरंतर निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, समिति के सदस्यों को सामाजिक निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उपायुक्त ने हाईकोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और सुरक्षा, विशेषकर बिजली और अग्नि सुरक्षा, पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान भारी भीड़ और जुलूसों के कारण यातायात जाम और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिन्हें अनुशासन और नियोजन से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुशासन के साथ ही रांची को देश का नंबर एक जिला बनाया जा सकता है।

बैठक में एसएसपी रांची राकेश रंजन ने कहा कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ रांची पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने सभी से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *