जमशेदपुर में 3 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, NGO को CSR फंड का झांसा देकर की गई धोखाधड़ी

जमशेदपुर पुलिस ने CSR फंड दिलाने के नाम पर NGO से 3 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया। मुख्य आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु गिरफ्तार, जांच जारी है।

Dayanand Roy
2 Min Read

Jamshedpur Cyber Crime: जमशेदपुर पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक NGO को CSR फंड दिलाने का झांसा देकर करीब 3 करोड़ रुपये के लेन-देन में धोखाधड़ी करने का आरोप है।

यह मामला जमशेदपुर साइबर थाना में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता रीना पांडेय, जो होप-हेल्प फॉर ऑल फाउंडेशन से जुड़ी हैं, ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने संस्था को CSR फंड दिलाने का भरोसा देकर एक्सिस बैंक में करंट अकाउंट खुलवाया।

5 दिन में खाते से हुआ 3 करोड़ रुपये का लेन-देन

पुलिस जांच में सामने आया कि सत्यापन के नाम पर आरोपी ने चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद महज पांच दिनों के भीतर खाते से करीब 3 करोड़ रुपये जमा और निकाले गए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे साइबर गिरोह का मास्टरमाइंड अमन कुमार सिंह उर्फ रघु है। आरोप है कि उसने दिसंबर 2025 में पीड़िता को लखनऊ बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, उसने पहले से ही पीड़िता की ई-मेल आईडी और इंटरनेट बैंकिंग का एक्सेस भी अपने मोबाइल में ले रखा था।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु को गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला है और फिलहाल सरायकेला-खरसावां में रह रहा था। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

फिलहाल जमशेदपुर पुलिस पूरे साइबर नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *