मामा की जमीन को लेकर हुआ विवाद, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चली; तीन घायलों को धनबाद रेफर किया गया

जामताड़ा के काली पहाड़ी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट में आठ लोग घायल हुए।

Dayanand Roy
2 Min Read

Jamtara News : जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर ले जाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के पीएमसीएच रेफर किया गया।

मामा की जमीन को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद मामा की जमीन को लेकर चल रहा था। पहले पक्ष के लोगों का आरोप है कि जमीन के विवाद में दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। घायलों में कुमुद कुमार साव, विकास कुमार साव, चेतलाल साव, केतानी देवी और गुड़िया देवी शामिल हैं। ये सभी गिरिडीह जिले के मोहनपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

दूसरे पक्ष के भी तीन लोग घायल

मारपीट में दूसरे पक्ष के कुसुम देवी, छात्रधारी प्रसाद और धनेश्वर मंडल भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन की हालत गंभीर, धनबाद रेफर

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद विकास कुमार साव, कुसुम देवी और छात्रधारी प्रसाद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *