Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रांची समेत राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है। खासकर 30 जून और 1 जुलाई को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रांची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़ और धनबाद जैसे जिलों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में भी कई जगहों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले भी बारिश के दायरे में रहेंगे।
विभाग का कहना है कि 28 जून से 3 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रहेगा। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा वज्रपात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
