Dhanbad News : बरोरा इलाके में हुए बीसीसीएल कर्मी तुलेश्वर नोनिया हत्याकांड का खुलासा होने के बाद हर कोई हैरान है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना बेटा विजय चौहान था।
पुलिस के मुताबिक, तुलेश्वर नोनिया की नौकरी में करीब दो साल का समय बचा था। आरोप है कि पिता की मौत के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की लालच में विजय ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने 10 लाख रुपये की सुपारी तक तय कर दी।
जांच में पता चला कि शक से बचने के लिए विजय घटना वाले दिन रिश्तेदारी में शादी का बहाना बनाकर औरंगाबाद चला गया। वहीं दूसरी ओर उसके साथी तुलेश्वर नोनिया को ड्यूटी के बाद अपने साथ ले गए और सुनसान जगह पर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया और शव को सड़क किनारे फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ। फुटेज में मृतक आरोपियों के साथ बाइक पर जाते दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां पूरी साजिश सामने आ गई।
पुलिस ने बेटे विजय चौहान समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि इस खुलासे के बाद भी मृतक की पत्नी और बेटी यह मानने को तैयार नहीं हैं कि परिवार का ही बेटा इस हत्याकांड का सूत्रधार हो सकता है।
इस घटना ने रिश्तों और भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में पूरे मामले की चर्चा जोरों पर है।
