नशा मुक्त अभियान के बीच पाकुड़ पुलिस की बड़ी सफलता, 29 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

पाकुड़ पुलिस ने विशेष नशा मुक्ति अभियान के दौरान 29 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

Dayanand Roy
3 Min Read

Pakur News : पाकुड़ जिले में चलाए जा रहे विशेष नशा मुक्ति अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 29 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के कालिकापुर स्थित बंद पड़ी बीड़ी फैक्ट्री के पीछे तालाब के पास कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम दंडाधिकारी के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां कुछ लोग बैठे हुए थे और बीड़ी-सिगरेट पी रहे थे। पुलिस वाहन को देखते ही मौके पर मौजूद कई लोग भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया, जो कथित रूप से ब्राउन शुगर की पुड़िया बेच रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय रमजान शेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना क्षेत्र के सेकपुर गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास रखे दो सिगरेट के डिब्बों से सिल्वर फॉयल में पैक 29 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 6.37 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा आरोपी के पास से 2,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या-147/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21(b) एवं 22(a) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में 15 जून से 26 जून तक विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एक ओर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने नशा कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या अवैध भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *