पिछले कुछ वर्षों में भारत में स्किनकेयर को लेकर लोगों की जागरूकता और रुचि तेजी से बढ़ी है। कभी बोल्ड मेकअप का दौर था, तो कभी कोरियन स्किनकेयर और 10-स्टेप ग्लास स्किन रूटीन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सोशल मीडिया और ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स के प्रभाव में कई लोगों ने अलग-अलग स्किनकेयर ट्रेंड्स अपनाए। हालांकि, अब स्किनकेयर की दुनिया में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसे मिनिमल स्किनकेयर कहा जा रहा है।
कम उत्पाद, ज्यादा असर
भारत की गर्म जलवायु, बढ़ते तापमान और व्यस्त जीवनशैली ने लोगों को लंबी और जटिल स्किनकेयर रूटीन पर दोबारा सोचने के लिए प्रेरित किया है। अब लोग कई तरह के सीरम, टोनर और एक्टिव इंग्रीडिएंट्स का उपयोग करने के बजाय केवल आवश्यक उत्पादों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। क्लेंजर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन जैसे बुनियादी उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो त्वचा की मूल जरूरतों को पूरा करते हैं।
जागरूकता ने बदली उपभोक्ताओं की सोच
कुछ समय पहले तक स्किनकेयर में ट्रेंड्स का प्रभाव काफी अधिक था। सोशल मीडिया पर जिस इंग्रीडिएंट की चर्चा होती, लोग बिना पूरी जानकारी के उसे अपनी रूटीन का हिस्सा बना लेते थे। नियासिनामाइड, विटामिन-सी, एजेलिक एसिड और अन्य एक्टिव तत्वों का उपयोग तेजी से बढ़ा, लेकिन हर उत्पाद हर त्वचा के लिए उपयुक्त नहीं होता।
समय के साथ इंटरनेट पर त्वचा विशेषज्ञों, स्किनकेयर एक्सपर्ट्स और वैज्ञानिक शोधों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी आसानी से उपलब्ध होने लगी। इससे लोगों की समझ विकसित हुई और वे अब केवल विज्ञापनों या ट्रेंड्स के आधार पर फैसले नहीं लेते।
सोच-समझकर हो रहा है उत्पादों का चयन
आज की युवा पीढ़ी किसी भी स्किनकेयर उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी सामग्री, प्रभाव और विश्वसनीयता की जांच करती है। ऑनलाइन रिव्यू, सामुदायिक चर्चाएं और विशेषज्ञों की सलाह उन्हें बेहतर निर्णय लेने में मदद कर रही हैं।
मिनिमल स्किनकेयर का यह बढ़ता चलन बताता है कि अब लोग अपनी त्वचा की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए सरल, प्रभावी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाना पसंद कर रहे हैं। कम उत्पादों के साथ सही देखभाल ही स्वस्थ और चमकदार त्वचा की कुंजी बनती जा रही है।
