Garhwa News : गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र स्थित भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। घर के पास स्थित कुएं से महिला का शव बरामद होने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
कुएं से बरामद हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शांति देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी इसी वर्ष 14 मार्च को भंडार गांव निवासी नंदलाल साह के साथ हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर रस्सी के निशान और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।
5 लाख रुपये और बोलेरो की मांग का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा था। आरोप है कि पांच लाख रुपये नकद और बोलेरो वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर शांति देवी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग को लेकर कई बार मारपीट भी की गई थी और इसी वजह से उनकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
