Gumla News: गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बुधवार को जिले के बाल सुधार गृह, नारी निकेतन, वृद्धाश्रम और बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की देखभाल, शिक्षा, खानपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
बाल सुधार गृह में वर्तमान में रह रहे 68 बच्चों के रहने, पढ़ाई और खानपान की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बच्चों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को बेहतर दिशा देती है और सभी बच्चे आगे चलकर अच्छे नागरिक बनें।
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने झारखंडी संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी, जिसकी उपायुक्त ने सराहना की। उन्होंने कक्षाओं, किचेन, डायनिंग एरिया और एक्टिविटी एरिया का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
इसके बाद डीसी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं नारी निकेतन में महिलाओं के कौशल विकास कार्यक्रमों पर जोर देने की बात कही। बालिका गृह में बच्चियों की शिक्षा और रहने की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के बेहतर भविष्य, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।
