Pakur News : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सिदो-कान्हू मुर्मु पार्क से अंबेडकर चौक तक मार्च
फ्लैग मार्च की शुरुआत सिदो-कान्हू मुर्मु पार्क से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचा। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने लोगों के बीच सुरक्षा और शांति का संदेश दिया।
भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन बकरीद के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि बकरीद को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
