नितिन नवीन बिहार से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष

Dayanand Roy
3 Min Read

 

बिहार भाजपा में जश्न का माहौल

 

पटना : बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर सीट से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए  हैं। बिहार से पहली बार कोई नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पहुंचा है।

नितिन नवीन के रूप में भाजपा को पहली बार युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बिहार भाजपा में जश्न का माहौल है। पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।

दरअसल, मंगलवार को पार्टी ने औपचारिक रूप से पांच बार के विधायक नितिन नवीन के नाम का ऐलान करते हुए उन्हें नया अध्यक्ष घोषित किया। इससे पहले सोमवार को उन्हें निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था।  नितिन नवीन ने जेपी नड्डा का स्थान लिया है, जो वर्ष 2020 से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर थे। बिहार की राजनीति से गहरा नाता रखने वाले नवीन पार्टी के शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे।

उनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं। बता दें कि नितिन नबीन एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता थे और बिहार विधानसभा में चार बार विधायक रहे थे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने वर्ष 2006 में राजनीति में कदम रखा और पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने।

बाद में वे बिहार विधानसभा के नए बनाए गए बांकीपुर क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार इस सीट से जीत दर्ज की। नितिन नबीन बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास एवं आवास मंत्री रह चुके हैं। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को भाजपा  का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *