Home » जनता को राहत देने के लिए लगाये जा रहे हैं कैंप : विजय सिन्हा

जनता को राहत देने के लिए लगाये जा रहे हैं कैंप : विजय सिन्हा

by Dayanand Roy

 

 

बुधवार को सहरसा में होगा भूमि-सुधार जन कल्याण संवाद

महेश कुमार सिन्हा

 

पटना :  उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि-सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग की ओर से लगाए जा रहे  कैंप को लेकर नाराज चल रहे अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है।

उन्होंने साफ कहा कि सरकार का काम जनता की सेवा करना है, न कि किसी की भावना को ठेस पहुंचाना। सरकार अपना काम कर रही है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता के लिए काम करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि राजस्व और भूमि सुधार विभाग द्वारा लगाए जा रहे कैंप आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हैं। विजय सिन्हा ने कहा कि यदि इससे कुछ अधिकारी नाराज हैं, तो सरकार इसकी परवाह नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि मेरा काम जनता के लिए काम करना है, किसी को खुश या नाराज करना नहीं। उन्होने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों को लेकर  कहा कि इस पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।

उन्होंने बताया कि कई जगहों से कब्जे की शिकायतें मिली हैं, जिस पर कार्रवाई का स्पष्ट आदेश दे दिया गया है । इस पर  कार्रवाई होगी। अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बैठक से पहले अधिकारियों के बीमारी का बहाना बनाने के सवाल पर विजय सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि सबको स्वस्थ होना होगा, विभाग को स्वस्थ कर देंगे, सब स्वस्थ हो जाएगा।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, जहां जमीन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, म्यूटेशन और रसीद कटवाने जैसे कार्य होते हैं। ऐसे में अगर यहां भ्रष्टाचार होगा तो आम लोगों का सबसे ज्यादा नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को सहरसा में  भूमि सुधार जन कल्याण संवाद होगा।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाकाल मंदिर की स्थापना को लेकर पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान उन्हें सुद्बुद्धि दें। देश में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद देश से लगभग समाप्त हो चुका है।

प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने जिस तरह से नक्सलवाद और उग्रवाद से देश को मुक्ति दिलाया है। अगर इसको जड़ से समाप्त करना है तो इनके नेतृत्व में  हर राज्य में  शासन का अवसर प्राप्त करना होगा। तभी यह बीमारी और महामारी पूरी तरह से खत्म होगी।

दरअसल राजस्व विभाग को लेकर लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही हैं। जमीन से जुड़े मामलों में राजस्व कर्मचारियों से लेकर अंचल कार्यालय और ऊपर के अधिकारियों तक पर रिश्वत लेने के आरोप लगते रहे हैं। खुद उपमुख्यमंत्री जब भी जिलों में जन संवाद कार्यक्रम करते हैं, तो लोगों की ओर से सबसे ज्यादा शिकायतें इसी विभाग को लेकर आती हैं।

आम नागरिक बताते हैं कि बिना पैसे दिए दाखिल-खारिज नहीं होता, रसीद कटाने में महीनों लग जाते हैं और फाइलें जानबूझकर रोकी जाती हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है। बता दें कि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के एक्शन के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग के लापरवाह और भ्रष्ट अधिकारियों में इतना खौफ है कि उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।

Related Articles

Leave a Comment