जामताड़ा के नाला में जिला स्तरीय किसान मेला सह उद्यान प्रदर्शनी संपन्न

News Vaani
3 Min Read

जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र के मां मालांचा नेचर पार्क के समीप जिला स्तरीय किसान मेला सह उद्यान प्रदर्शनी–2025 का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नाला विधायक एवं झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त रवि आनंद ने विधानसभा अध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

किसान मेले में कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनमें फसल सुरक्षा मिशन, उद्यान विभाग, आत्मा, आईएफएफसीओ, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी, जैविक खेती, भूमि संरक्षण कार्यालय, गव्य विकास, नाला वेजिटेबल्स फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी, पशुपालन विभाग एवं समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना शामिल रहे।

प्रदर्शनी में 33.7 किलोग्राम वजन का कोहड़ा, 30 किलोग्राम का ओल तथा विशाल आकार की मूली आकर्षण का केंद्र बने। अधिकारियों ने बताया कि हरित क्रांति के बाद कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आया है। नाला क्षेत्र प्राकृतिक रूप से काजू एवं लाल केले की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। काजू बागान के विकास हेतु वर्ष 2024 में निविदा भी जारी की जा चुकी है।

जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है तथा किसान मेला आयोजित कर खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा कि नेचर पार्क की सुरक्षा एवं देखरेख के लिए अफजलपुर टीओपी में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैंक अधिकारियों से ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने की अपील की।

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि यह किसान मेला विधानसभा अध्यक्ष की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। हाल ही में नाला में कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन किया गया है, जिससे किसान अपनी उपज सुरक्षित रखकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही फतेहपुर स्थित आम बागान के संरक्षण के लिए जिला प्रशासन पहल करेगा।

मुख्य अतिथि रवींद्रनाथ महतो ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित फसलों की सराहना करते हुए कहा कि हिंगला नदी के जल से माइक्रो लिफ्ट प्रोजेक्ट तैयार कर किसानों को सिंचाई की सुविधा दी जाएगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने 20 करोड़ रुपये की लागत से बने कोल्ड स्टोरेज के समुचित उपयोग पर भी जोर दिया।

उन्होंने बताया कि नेचर पार्क में 25 प्रजातियों के गुलाब सहित विभिन्न आकर्षक पौधे लगाए गए हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में डीसी निरंजन कुमार, बीडीओ आकांक्षा कुमारी, प्रेम कुमार, गणेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *