महेश कुमार सिन्हा
पटना : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नवीन ने मंगलवार को मंत्रिपरिषद से इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना त्यागपत्र सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
नितिन नवीन नीतीश सरकार में सड़क निर्माण और नगर विकास विभाग के मंत्री थे। वह पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। भाजपा के संविधान के ‘एक व्यक्ति-एक पद’ के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। ऐसे में वह बांकीपुर विधानसभा के विधायक बने रहेंगे।
नितिन नवीन के इस्तीफे के साथ ही बिहार में इस बात पर चर्चा तेज हो गए है कि अब पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी किसे मिलेगी?
ये दोनों ही विभाग राज्य के विकास से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। उनके कार्यकाल में सड़कों के निर्माण, शहरी आधारभूत संरचना और नगर विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर काम किया गया। पार्टी और सरकार के भीतर उनकी छवि एक सक्रिय और कार्यकुशल मंत्री के रूप में रही है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नवीन के कंधों पर अब संगठन की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक कार्यों पर पूरा ध्यान देने के लिए उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। नितिन नवीन लंबे समय से भाजपा के सक्रिय और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते रहे हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक कैरियर में संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर अहम भूमिका निभाई है। भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में नितिन नवीन की बढ़ती भूमिका को देखते हुए उनकी व्यस्तता बढ़ जायेगी। यह पद संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि इसके माध्यम से पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक फैसलों को देशभर में लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नितिन नवीन ने यह स्पष्ट किया कि वे पूरी तरह से संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, इसी कारण उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया।

