रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि केंद्र में सत्तासीन असफल और जन विरोधी नरेंद्र मोदी सरकार ने एक भी वादे पूरे नहीं किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा इन दिनों काफी नर्वस एवं झुका हुआ है। उनका मिजाज पहले की तरह नहीं दिखता।
बीते दिनों अंडमान में संघ प्रमुख मोहन भागवत और गृहमंत्री अमित शाह ने अंग्रेजों से माफी मांगने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को मानने वाले वीर सावरकर का मूर्ति का अनावरण कर माल्यार्पण किया है। इस कार्य से स्पष्ट हो गया कि देश में पीएम नरेंद्र मोदी देश के आम आदमी की चिंता छोड़कर अब सिर्फ संघ के एजेंडा को लागू करने की ओर कार्य कर रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने गुरु गोलवलकर और वीर सावरकर जैसे लोगों को महिमंडित कर देश की आजादी में अपने प्राण गंवाने वाले लोगों का अपमान किया है।
राजद का स्पष्ट कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश भर में तमाम विपक्षी पार्टियों एवं सामाजिक संगठनों को एकता के साथ संपूर्ण क्रांति का जयघोष कर जेल भरो आंदोलन की शुरुआत करने की जरूरत है !
राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद अब देशवासियों को इंतजार करने की जरूरत नहीं है। देश में संपूर्ण क्रांति का आगाज करने की जरूरत है।
