
रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग देश भर में एसआइआर कराकर मोदी सरकार का एजेंडा लागू कर रहा है। बीते वर्ष केंद्र की मोदी सरकार देश में अलोकतांत्रिक रूप से एनआरसी लागू करने की पूरी कोशिश किया लेकिन भारी विरोध के कारण मामला यह विषय ठंडे बस्ते में चला गया था।

एनआरसी लागू करने के लिए बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयं संघ किसी भी मौके का इंतजार नहीं करना नहीं चाहती है। केंद्र की मोदी सरकार देशभर में एसआइआर कराने के बहाने घुसपैठियों के नाम से मिशनरी और मुस्लिम समाज को टारगेट कर ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे है।

श्री यादव ने कहा है चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है लेकिन चुनाव आयोग आरएसएस और मोदी सरकार का एजेंडे के तौर पर काम कर रहा है। गौरतलब है कि विगत दिनों बिहार में एसआइआर के नाम पर करोड़ों लोगों का नाम काटा गया, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या में यादव, मुस्लिम, आदिवासी और खेतिहर मजदूर लोग शामिल थे।
यादव ने कहा है देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं प्रदेशों के भाजपा नेता लगातार देश में घुसपैठियों की बात कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
जबकि 11 वर्षों से केंद्र में मोदी सरकार है फिर भी देश में घुसपैठ हो रहा है। निश्चित रूप से इसकी जवाबदेही मोदी सरकार और गृहमंत्री अमित शाह की है क्योंकि बार्डर सुरक्षा गृह मंत्रालय के अधीन है और घुसपैठियों का मामला भी इनकी निगरानी में शामिल है।


