Home » “मइयां सम्मान योजना बनी महिला सशक्तिकरण का राष्ट्रीय मॉडल” : केशव महतो कमलेश

“मइयां सम्मान योजना बनी महिला सशक्तिकरण का राष्ट्रीय मॉडल” : केशव महतो कमलेश

by Dayanand Roy

कानून व्यवस्था से लेकर रोजगार तक—गठबंधन सरकार ने निभाए वादे, 10,000 युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार के दूसरे चरण का एक वर्ष जन-सेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही के नए मानक स्थापित करने वाला रहा है। सरकार ने अपने वचनों को निभाते हुए गांव-गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मइयां सम्मान योजना’ ने झारखंड की लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है जिसकी सराहना पूरे देश में हो रही है। यह योजना महिला सम्मान, अधिकार एवं स्वावलंबन का मील का पत्थर बन चुकी है।

गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि सरकार ने 200 यूनिट तक मुफ़्त बिजली देने का वादा पूरा कर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधी राहत दी है। वहीं कृषि ऋण माफी से किसानों को आर्थिक संकट से उबरने में बड़ी सहूलियत मिली है।

युवाओं को रोजगार — 10,000 नियुक्ति पत्र

कमलेश ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दिखाई देती है। 10,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पिछले एक वर्ष में गठबंधन सरकार ने सभी क्षेत्रों में रोजगार सृजन की पहल को गति दी है।

कानून व्यवस्था में सुधार — अपराध पर कड़ा अंकुश

उन्होंने कहा कि यह सरकार जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह साबित हुई है। राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है। जिस प्रकार बिहार में संगठित अपराध एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, वैसी स्थिति झारखंड में बनने नहीं दी गई है। अपराध को “उद्योग” बनने से रोकने में सरकार सफल रही है।

केन्द्र सरकार झारखंड के विकास को रोक रही है

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार ने झारखंड जैसे गरीब राज्य की 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये की राशि रोककर विकास कार्यों को बाधित किया है।

उन्होंने कहा कि जीएसटी की छूट झारखंड के लिए अभिशाप बन चुकी है।

स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा, सड़क व अन्य बुनियादी संरचनाओं में इस धन का उपयोग हो सकता था, लेकिन केंद्र सरकार जानबूझकर झारखंड के विकास को रोक रही है।

इसके बावजूद हेमन्त सरकार अपने आंतरिक संसाधनों से विकास को गति दे रही है।

कमलेश जी ने कहा कि गठबंधन सरकार जन-आकांक्षाओं पर खरी उतरी है और आगे भी विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Comment