दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता पर भी जिला प्रशासन को अलर्ट रहने की जरूरत
रांची : कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शुक्रवार को मांडर, चान्हो और बेड़ो में आयोजित शांति समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक में श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने इस मौके पर कहा कि मां दुर्गा फिर एक बार मंदिरों और पूजा पंडालों में विराजमान हो गई है। मां दुर्गा की आराधना और उपासना में भक्त लीन होने को आतुर हैं। ऐसे में इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखने की जरूरत है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी ना हो।
खास कर जहां श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटती है वहां सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के साथ- साथ स्वच्छता पर भी जिला प्रशासन को अलर्ट रहने की जरूरत है।
बंधु तिर्की ने कहा कि आपसी सहयोग और भाईचारगी के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने में हर किसी को अपनी भूमिका निभानी होगी। पूजा में किसी भी तरह के अफवाह से बचने और सतर्क रहने की जरूरत है।
मां दुर्गा का आशीर्वाद हमेशा की तरह हम सभी पर बनी रहे, इस उत्साह और उम्मीद के साथ पूजा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। शांति समिति की बैठक में सभी थाना प्रभारी , पूजा समिति के पदाधिकारी के साथ अजीत सिंह, प्रमोद लाल, मोहम्मद इश्तियाक, मांगा उरांव, करमा उरांव तथा उप प्रमुख मोद्दसिर हक मौजूद रहे।
