बीसीसीएल वाशरी का 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट धराशायी, सांसद ढुल्लू महतो ने किया दुर्घटनास्थल का निरीक्षण

Dayanand Roy
3 Min Read

 

साइलो प्लांट के मलबे में एक कर्मी के फंसे होने की आशंका

बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने हादसे के लिए ठेकेदार कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है

धनबाद : बीसीसीएल के ब्लॉक 2 क्षेत्र के न्यू मधुबन बीसीसीएल वाशरी में गुरूवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। यहां करीब 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट अचानक जोरदार आवाज के साथ ढह गया। यह हादसा रात में हुआ, वरना बड़े जान-माल का नुकसान हो सकता था। दुर्घटना के बाद सांसद ढुल्लू महतो ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना गुरूवार रात करीब 1 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात होने के कारण मौके पर कम कर्मी मौजूद थे। हादसे में साइलो प्लांट के मलबे में एक कर्मी के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय निवासी गोपाल महतो ने बताया कि राधा कंपनी का कर्मी धर्मेंद्र कुमार साइलो प्लांट के अंदर फंसा हुआ है। इधर, बीसीसीएल प्रबंधन ने तत्काल बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, वाशरी डिवीजन के जीएम सोहेल इकबाल ने दावा किया कि मलबे में कोई कर्मी फंसा नहीं है और इसकी जांच की जा रही है।

यह वाशरी चेन्नई की राधा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को आउटसोर्सिंग के तहत दी गई है, जो इसका संचालन और रखरखाव भी देखती है। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने हादसे के लिए ठेकेदार कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले बनी इस वाशरी में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

विधायक ने ठेकेदार कंपनी के खिलाफ मुकदमा और सख्त कार्रवाई की मांग की। वाशरी डिविजन के जीएम सोहेल इकबाल ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। उन्होंने करीब 100 फीट का साइलो प्लांट के ढह जाने की पुष्टि की है। बीसीसीएल प्रबंधन इस बात की जांच कर रहा है कि हादसे में कोई कर्मी फंसा है या नहीं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और ट्रेड यूनियन के नेता मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और नेताओं ने बीसीसीएल प्रबंधन और ठेकेदार कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। इस हादसे ने वाशरी के रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *