कांग्रेस और राजद के लोग सिर्फ मेरी मां का ही नहीं, देश की मां का अपमान कर रहे हैं : नरेंद्र मोदी  

Dayanand Roy
4 Min Read

महेश सिन्हा

पटना : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में बिहार में निकाली गई मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को दी गई गाली को लेकर मंगलवार को पीएम मोदी ने चुप्पी तोड़ी। पीएम मोदी ने मंगलवार को बिहार राज्य जीविका निधि शाखा सहकारी संघ लिमिटेड की शुरुआत वर्चुअली की। इस दौरान वे अपने संबोधन में भावुक दिखे।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद के मंच से उनकी दिवंगत मां को अपमानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह अपमान सिर्फ उनकी मां का नहीं बल्कि ये देश की मां-बहन, बेटी का अपमान है। उन्होंने कहा कि मां ही हमारे लिए सबकुछ होती है। ऐसे में सोचिए कोई भी इस तरह की भाषा का उपयोग कैसे कर सकता है।

उन्होंने कहा कि बिहार में राजद और कांग्रेस के लोगों ने जो किया है वह सबने देखा है। ये लोग सिर्फ मेरी मां का नहीं देश की मां का अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह अपमान केवल उनकी मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां का है। उन्होंने कहा कि मां ही हमारा संसार है, मां ही हमारा स्वाभिमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मां का राजनीति से कोई संबंध नहीं है और उनका अपमान गहरी पीड़ा देने वाला है।

पीएम मोदी ने कहा कि मां को गाली नहीं सहेंगे, इज्जत पर वार नहीं सहेंगे, राजद का अत्याचार नहीं सहेंगे, कांग्रेस का वार नहीं सहेंगे, मां का अपमान नहीं सहेंगे। गली-गली से ये आवाज उठनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में कुछ दिन पहले जो कुछ हुआ उसकी मैंने कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि आप सबको भी, बिहार की हर मां को ये देख-सुनकर कितना बुरा लगा है।

मैं जानता हूं, इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ मेरे बिहार के लोगों को भी है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने जीविका दीदी के बैंक खातों में 105 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के नए अवसर खोलने की दिशा में अहम साबित होगा। वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर हमेशा जोर दिया है। “2005 में हमारी सरकार बनने के बाद से महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं शुरू की गईं। 2006 में जीविका समूह का गठन किया गया और 2013 से पुलिस में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 1000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

गौरतलब है कि दरभंगा में मतदाता अधिकार यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी को ‘मां की गालियां’ दी गई थीं। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस घटना को लेकर देशभर के भाजपाइयों में गुस्सा देखने को मिल रहा है।

वहीं कांग्रेस या महागठबंधन के नेता ने अभी तक इस घटना पर कोई दुख नहीं जताया है। हैरानी की बात तो यह है कि मंच से पीएम मोदी को स्वर्गवासी मां को गाली दी गई और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार भी इस पर दुख नहीं जताया। उन्होंने दोषी व्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता तो इस मामले में भी बीजेपी पर दोषारोपण करने में जुटे हैं।

लेखक न्यूजवाणी के बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *