
24 अगस्त से दो सितंबर तक चलेगा एक्सपो

नाबार्ड और होटल रैडिशन ब्लू के द इंडियन स्टोर के कॉलेबरेशन में आयोजित किया गया है क्लासिल्क एक्सपो

इंट्री फ्री और एक्सपो विजिट करने का समय सुबह दस बजे से रात नौ बजे तक है
रांची : नाबार्ड और द इंडियन स्टोर के कॉलेबरेशन में होटल रैडिशन ब्लू में क्लासिल्क एक्सपो का शुभारंभ रविवार को हुआ। एक्सपो का उद्घाटन रैडिशन ब्लू होटल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर नंदिनी गुप्ता, नाबार्ड के सीजीएम गौतम सिंह और जीएम आरएस भगवाने ने किया।
इस मौके पर नंदिनी गुप्ता ने प्रेसवार्ता में कहा कि क्लासिल्क एक्सपो में देश के अलग-अलग राज्यों के शिल्पकारों ने अपने स्टॉल लगाये हैं। एक्सपो का रिस्पांस बहुत अच्छा है। उम्मीद है कि वे अच्छा बिजनेस करेंगे।
वहीं नाबार्ड के सीजीएम गौतम सिंह ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों के शिल्पकार यहां अपने आर्ट फार्म को शोकेस कर रहे हैं। बुनकरों और शिल्पकारों के उत्पाद यहां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। यहां लोगों को यह भी दिखाया जायेगा कि सिल्क की साड़ी बनती कैसे है। उन्होंने कहा कि हर साल एक्सपो में स्टॉल की संख्या बढ़ती जा रही है और यह अच्छा संकेत है।
अच्छी बिक्री हो जाती है
एक्सपो में स्टॉल लगानेवाले गणेश पीस फाउंडेशन गोड्डा के राधेश्याम सिंह ने बताया कि पूर्व में भी हम यहां स्टॉल लगा चुके हैं। आठ दिनों में पांच से छह लाख रुपये की बिक्री हो जाती है। कस्टमर्स का रिस्पांस अच्छा है।
महाराष्ट्र की पैठनी साड़ी से लेकर संबलपुरी तक सब है उपलब्ध
क्लासिल्क एक्सपो में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और मणिपुर से राजस्थान तक के बुनकरों और शिल्पकारों के उत्पाद उपलब्ध हैं। यहां महाराष्ट्र की पैठनी साड़ी से लेकर ओडिशा की संबलपुरी साड़ी, बंगाल के मुर्शिदाबाद की सिल्क साड़ी, छत्तीसगढ़ की कोसा सिल्क साड़ी, यूपी की बनारसी सिल्क साड़ी तथा झारखंड के डोकरा और सोहराई आइटम्स उपलब्ध हैं।
एक्सपो उपभोक्ताओं को हैंडलूम और सिल्क के उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर उपलब्ध करा रहा है। एक्सपो सुबह दस बजे से नौ बजे तक विजिट किया जा सकता है। इसमें इंट्री फ्री है।




