हेहल स्पोर्टिंग की फिजिकल ट्रेनिंग अकादमी का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, खुलेंगे अवसरों के द्वार

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : हेहल स्पोर्टिंग की ओर से संचालित की जा रही फिजिकल ट्रेनिंग अकादमी  का उद्घाटन कार्यक्रम सर्ड मैदान, हेहल में शुक्रवार को संपन्न हुआ। स्थानीय बेरोजगार युवाओं का चयन यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज यथा पुलिस, केन्द्रीय सुरक्षा बल, फौज तथा होमगार्ड, वनरक्षी, उत्पाद आरक्षी और प्राइवेट सिक्योरिटी जैसे संस्थानों में सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक विशिष्ट पहल है।

यहां जो युवा प्रशिक्षण लेंगे उन्हें निकेश तिर्की और तनु सांगा जैसे अनुभवी तथा एनआइएस प्रशिक्षित कोच फिजिकल ट्रेनिंग देंगे। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों के 200 के लगभग युवक एवं युवतियां इस प्रशिक्षण का लाभ ले रहे हैं। यही नहीं झारखंड सशस्त्र बल 1 डोरंडा  रांची के प्रशिक्षक समय-समय पर इनका मार्गदर्शन करेंगे ।

उद्घाटन कार्यक्रम में झारखंड पुलिस के विनय क्षेत्री के साथ CRPF ग्रुप केंद्र रांची के डिप्टी कमांडेंट कफील अहमद तथा CMO डॉ सुदीप कुमार ने युवाओं को संबोधित किया। श्री अहमद ने CAPF में अलग-अलग रैंक में भर्ती होने के लिए निर्धारित शैक्षणिक और शारीरिक योग्यता की विस्तार से जानकारी दी।

बहाली प्रक्रिया कई चरणों में तथा पारदर्शी होने के कारण उन्होंने बिचौलियों के जाल में न फंसने के लिए युवाओं को आगाह किया। इसी तरह डॉ सुदीप ने बहाली में रुकावट के लिए विभिन्न शारीरिक अक्षमताओं एवं बीमारियों की जानकारी दी।

रांची और आस-पास के युवाओं ने  बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया । कार्तिक उरांव रात्रि पाठशाला मांडर और चान्हों के शिक्षक भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए ।

हेहल स्पोर्टिंग के अध्यक्ष डॉ अरुण उरांव के साथ सचिव कैलाश सिंहदेव, कोषाध्यक्ष नवेंदु भारती, रविन्द्र पांडे, पंकज तिर्की, शक्ति, नागेंद्र तथा अन्य खिलाड़ियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपनी भूमिका निभाई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *