Home » नितिन नवीन के दही-चूड़ा भोज में सीएम नीतीश सहित एनडीए नेताओं का हुआ महाजुटान

नितिन नवीन के दही-चूड़ा भोज में सीएम नीतीश सहित एनडीए नेताओं का हुआ महाजुटान

by Dayanand Roy

पटना : बिहार में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में सियासी दही-चूड़ा भोज जारी है।भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पटना में दो जगहों पर भव्य दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया।

इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिरकत कर गठबंधन की मजबूती का संदेश दिया। पटना न्यू क्लब और सरकारी आवास पर आयोजित इन कार्यक्रमों में एनडीए के तमाम बड़े नेता, मंत्री और कार्यकर्ता के साथ ही उपेंद्र कुशवाहा के तीन  विधायक भी शामिल हुए।

सियासी हलकों में इसे महज़ परंपरा नहीं, बल्कि शक्ति-प्रदर्शन और संगठनात्मक एकजुटता का सियासी पैग़ाम माना जा रहा है।

पहला भोज  न्यू पटना क्लब में आयोजित किया गया, जहां मीडिया कर्मियों के साथ भाजपा और एनडीए के बड़े दिग्गजों का जमघट लगा। वहीं दूसरा भोज नितिन नबीन अपने सरकारी आवास पर दिया।

सरकारी आवास पर होने वाले भोज में प्रदेश स्तर से लेकर विधानसभा और पटना महानगर तक के कार्यकर्ताओं को दावत-ए-आम दी गई थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो हजारों की तादाद में कार्यकर्ताओं ने इसमें शिरकत किया।

यह आयोजन संगठन के लिए मनोबल बढ़ाने और ज़मीनी कैडर को सियासी तौर पर रिचार्ज करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भोज के मेन्यू में परंपरा और स्वाद का खास मेल दिखा, जिसमें चूड़ा-दही, तिलकुट, खिचड़ी, साथ में चटनी, पापड़, रायता और मिठाई की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी। नितिन नवीन हर साल मकर संक्रांति पर अपने आवास पर चूड़ा-दही और खिचड़ी का इंतज़ाम करते रहे हैं।

लेकिन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मौका है, इसलिए दोनों जगहों पर इंतज़ाम को खास और भव्य बनाया गया। इस सियासी दावत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत सभी मंत्री और विधायक आमंत्रित थे।

इस आयोजन की सबसे खास बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न केवल भोज में शिरकत की, बल्कि बड़े ही चाव से दही-चूड़ा और तिलकुट का आनंद लिया। राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से गठबंधन के भीतर आपसी तालमेल और अधिक मजबूत होता है। बताया जाता है कि नितिन नवीन द्वारा आयोजित इस प्रीतिभोज में खानपान का विशेष ध्यान रखा गया था।

मेहमानों के लिए दही, चूड़ा और गया के मशहूर तिलकुट के साथ-साथ गरमा-गरम खिचड़ी की भी व्यवस्था की गई थी। इस भोज में केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी घटक दलों के नेता शामिल हुए. जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के मंत्रियों और विधायकों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। राजनीतिक गलियारों में इस भोज को आगामी चुनौतियों से पहले एनडीए की ‘पॉवर शेयरिंग’ और एकजुटता के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Comment