
नयी दिल्ली : भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) इस साल अपने वैश्विक कार्यबल के लगभग दो प्रतिशत या 12,261 कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है, जिनमें से ज्यादातर मध्यम और वरिष्ठ स्तर के होंगे।

टीसीएस के कर्मचारियों की संख्या 30 जून, 2025 तक 6,13,069 थी। हाल ही में समाप्त अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 5,000 की वृद्धि की। इस बदलाव के तहत करीब 12,200 पदों को खत्म किया जाएगा।

कंपनी ने कहा, ‘यह बदलाव पूरी सावधानी से योजनाबद्ध किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे ग्राहकों को दी जाने वाली सेवाओं पर कोई असर न पड़े।’
कंपनी ने आगे कहा, ‘हम समझते हैं कि यह हमारे सहयोगियों के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है, जिसके प्रभावित होने की संभावना है। हम उनकी सेवा के लिए उनका धन्यवाद करते हैं और नए अवसरों की ओर बढ़ने पर उन्हें उचित लाभ, आउटप्लेसमेंट, परामर्श और सहायता प्रदान करने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।’
भारत का 283 अरब डॉलर का आईटी उद्योग मुश्किलों का सामना कर रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राहक की कम मांग, लगातार बढ़ती मुद्रास्फीति और अमेरिकी व्यापार नीतियों को लेकर जारी अनिश्चितता के कारण गैर-जरूरी तकनीकी खर्च में कटौती कर रहे हैं।


