Home Bihar घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

by Dayanand Roy

महेश सिन्हा

कांग्रेस और राजद घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं

पूर्णिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी संकट में है।  कांग्रेस और राजद के लोग घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं।

विदेशी घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्रा निकाल रहे हैं। मैं इन लोगों को एक बात समझाना चाहता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की जमात कान खोलकर बात सुन लो, जो भी घुसपैठिया है उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ को ताला लगाने की जिम्मेदारी एनडीए की है। उन्होंने कहा कि मैं चुनौती देता हूं आप जितना भी जोर लगा लें, हम घुसपैठियों को हटाने का काम करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री पूर्णिया एयरपोर्ट के नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद यहां जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ,केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह , ललन सिंह, जीतनराम मांझी और चिराग पासवान  समेत केन्द्र और राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद  थे।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में भारत का कानून चलेगा।घुसपैठियों की मनमानी नहीं चलेगी। घुसपैठियों के कारण सीमांचल के कई जिलों में डेमोग्राफी का खतरा पैदा हो गया है। घुसपैठ के समर्थन में कांग्रेस और राजद वाले जो विषय उछाल रहे हैं, उनको जनता करारा जवाब देने जा रहे हैं। भारत में भारत का कानून चलेगा. घुसपैठियों की मनमानी नहीं चलेगी। यह मोदी की गारंटी है। घुसपैठियों पर कार्रवाई होगी और देश इसका अच्छा परिणाम देखेगा। उन्होने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर की रणनीति में पूर्णिया के बेटे की भी बड़ी भूमिका रही है। हमें बिहार के विकास अभियान को गति देनी है।मैं नीतीश जी के नेतृत्व का अभिनन्दन करता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। रेल, हवाई अड्डा, बिजली और पानी से जुड़ी ये योजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करेंगी।

चार लाख से अधिक लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर दिए गए। धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा से पहले अपने घर में प्रवेश करना परिवारों के लिए सौभाग्य की बात है। पीएम मोदी ने इन परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वादा किया कि हर बेघर परिवार को पक्का घर मिलेगा, यह ‘मोदी की गारंटी’ है। पिछले 11 सालों में सरकार ने 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनवाए हैं और अब 3 करोड़ नए घर बनाने का काम जारी है।

जब तक हर गरीब को घर नहीं मिल जाता, सरकार रुकेगी नहीं। गरीबों की सेवा ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है। आज इंजीनियर्स डे पर पीएम ने सर एम. विश्वेश्वरैया को याद किया और कहा कि भारत और बिहार के विकास में इंजीनियरों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने देश के सभी इंजीनियरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद वाले आपके परिवार के लिए कभी चिंता नहीं करेंगे, लेकिन मोदी के लिए आप ही मोदी का परिवार है। इसलिए मोदी कहता है सबका साथ सबका विकास।

ये लोग कहते हैं, उनके परिवार का साथ और उनके परिवार का विकास। मोदी आपके घर की चिंता करता है। आने वाले दिनों में कई पर्व आने वाले हैं। इस बार दीवाली और छठ से पहले गरीबों के लिए बड़ा उपहार दिया है। अब से ठीक हफ्ते भर बाद से 22 सितंबर से देश में जीएसटी एकदम कम हो जाएगी। आपकी रोजमर्रा की चीजों पर जीएसटी में बड़ी कमी की गई है। मैं खासतौर से बताना चाहता हूं कि आपकी रसोई का खर्च कम होने वाला है। घी और खाने की कई चीजों की कीमतें घट जाएंगी।

बच्चों के लिए नए कपड़े और जूते खरीदना आसान हो जाएगा। जब गरीब की चिंता करने वाली सरकार होती है, तब ऐसे ही फैसले लिए जाते हैं। हमें बिहार के विकास अभियान को इसी तरह गति देनी है। कांग्रेस और राजद पिछले 2 दशक से राज्य की सत्ता से बाहर हैं। इसमें सबसे बड़ी भूमिका बिहार की माताएं और बहनें  की हैं।

राजद के दौर में हत्या, बलात्कार की भुक्तभोगी सबसे अधिक यहां की माताएं और बहनें रही हैं। आज उनकी स्थिति बदल गई है। अब लखपति दीदी, ड्रोन दीदी बन रही हैं। महिलाएं राज्य में क्रांति कर रही हैं। पूरे देश के लिए बिहार प्रेरणा है। आज भी यहां 500 करोड़ रुपये का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड जारी किया गया है। क्या कांग्रेस और राजद वाले मुफ्त इलाज और मुफ्त अनाज की सुविधा दे पाते?

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मौके पर कहा कि बिहार के सीमांचल इलाके के लिए यह एयरपोर्ट वरदान साबित होगा। अब यहां के लोग आसानी से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत देश के बड़े शहरों तक हवाई यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस एयरपोर्ट के निर्माण से बिहार में निवेश के रास्ते खुलेंगे और क्षेत्रीय असमानता को कम करने में मदद मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया और राजद पर हमला बोला। नीतीश कुमार ने कहा कि पीएम मोदी बिहार के लिए काफी काम कर रहे हैं।आपको उनका स्वागत करना चाहिए। पीएम मोदी ने हमेशा बिहार पर ख़ास ध्यान दिया है।  नीतीश कुमार ने राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि उनलोगों ने कुछ किया है।

पिछली बार भी जबरदस्ती हमारे पार्टी के  लोग उनके साथ ले गए थे ,अभी यहीं बैठे हैं लेकिन अब यह गलती नहीं होगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले कुछ नहीं हुआ। लेकिन जब 2005 में बीजेपी और जेडीयू की सरकार बनी, तब से बिहार का विकास शुरू हुआ। हम लोगों ने बुर्जुग, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन 1100 रुपए कर दी है। अब हर  घर में बिजली है। 125 यूनिट फ्री बिजली दी जा रही है।

 मुख्यमंत्री  ने कहा कि चुनाव से पहले तक 50 लाख से ज्यादा नौकरी और रोजगार हो जाएगा। अगले 5 सालों में एक करोड़ से ज्यादा नौकरी, रोजगार देंगे।उन्होने रैली में आए लोगों से खड़े होकर पीएम मोदी का स्वागत करने की अपील की।

इससे पहले पीएम मोदी ने पूर्णिया में 36,000 करोड़ की योजनाओं का ऐलान किया। इसमें नेशनल मखाना बोर्ड का लॉन्च प्रमुख है, जो बिहार के 90 फीसदी मखाना उत्पादन को बढ़ावा देगा। मखाना किसानों के लिए नई तकनीक, प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट पर फोकस होगा। रेलवे के मोर्चे पर नई लाइनें और ट्रेन सेवाओं का शिलान्यास हुआ, जो पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज को जोड़ेगी। पीएम ने कहा कि यह विकास की उड़ान है, जो बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।’ इसके साथ ही, 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी परिवारों को पीएम आवास की चाभी दी गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सजे हुए रथ पर सवार होकर लोगों के बीच से गुजरे। इस दौरान उन्होने लोगों का अभिवादन किया

बता दें कि पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है। यहां एक साथ कई विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग, वेटिंग लाउंज, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पहले चरण में यहां से दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। धीरे-धीरे अन्य महानगरों को भी जोड़ा जाएगा। पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से पूरे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि इसके संचालन से सीमांचल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और यह बिहार के विकास में अहम मील का पत्थर साबित होगा।

लेखक न्यूजवाणी के बिहार के संपादक हैं।

Related Articles

Leave a Comment