
अमित दत्ता

बुंडू : झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रांची की अनुमंडल शाखा बुंडू की महत्वपूर्ण बैठक गुरूवार को टोल प्लाजा के समीप डॉ. आर.एल. मुण्डा के निवास स्थान पर आयोजित की गई। बैठक में पेंशनधारकों की समस्याओं, योजनाओं तथा संगठन को सुदृढ़ बनाने की रणनीति पर गंभीर और विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

पेंशन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, पेंशनधारकों के अधिकारों की सुरक्षा, बैंकिंग से संबंधित परेशानियों तथा प्रमाण पत्र से जुड़ी आवश्यकताओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन के पदाधिकारियों का चयन किया गया। डॉ. आर.एल. मुण्डा को अध्यक्ष, महेश्वर महतो उपाध्यक्ष, अनिल सिंह गोंझू कोषाध्यक्ष, डॉ. परमेश्वर लाल संरक्षक, राजीव कुमार मेहता महासचिव, आनंद कुमार महतो सचिव तथा लक्ष्मण पातर मुंडा कार्यालय सचिव चुने गए। निदेशक मंडल में राजेन्द्र सिंह मुंडा, ठाकुर दास महतो, गोवर्धन गोराई एवं जगन्नाथ सिंह मुंडा शामिल किए गए।
वहीं केंद्रीय स्तर पर सचिव सह प्रवक्ता डॉ. ए. के. लाल, उपाध्यक्ष बचनेश्वर ठाकुर (रांची) और राज्याध्यक्ष राम सेवक तिवारी (मनोनीत) भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन विस्तार, नियमित संवाद, पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को तेज करने तथा सदस्यों के हितों की रक्षा हेतु विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। स्थानीय पेंशनधारकों की समस्याओं, उनके बैंकिंग अनुभव एवं प्रमाण पत्र से जुड़े बिंदुओं पर भी विचार रखा गया, ताकि मिलकर समाधान प्रक्रिया को गति दी जा सके।


