Home » झूठ और सत्ता-लालसा के सहारे राजनीति कर रही भाजपा : विनोद पांडेय

झूठ और सत्ता-लालसा के सहारे राजनीति कर रही भाजपा : विनोद पांडेय

by Dayanand Roy

रांची : भाजपा के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा है कि भाजपा बिना तथ्यों के लोकप्रिय हेमंत सरकार को बदनाम करने नाकाम कोशिश में अपना और राज्य की जनता का समय बर्बाद कर रही है।

उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा की मौत का मामला विपक्ष जिस तरह पेश कर रहा है, वह भ्रामक है। श्री पांडेय ने कहा सूर्या हांसदा का एनकाउंटर उसके घनघोर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण हुआ। उसके आपराधिक मामलों का ब्योरा पहले ही सार्वजनिक किया जा चुका है। भाजपा इसे आदिवासी समाज से जोड़ कर जनता को गुमराह कर रही है।

सूर्या हांसदा मामले की सरकार ने हर पहलू से पारदर्शी जांच सुनिश्चित की है। लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रोटियां सेंकने का जरिया बना रही है। बिना किसी सबूत के राज्य सरकार पर आरोप लगाना आदिवासी समाज के साथ अन्याय है। भाजपा को राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं है। केवल केंद्रीय एजेंसियों पर ही आखिर भाजपा को भरोसा क्यों है, ये जग जाहिर हो चुका है।

केंद्रीय एजेंसियों को आगे कर गैर भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को डिस्टर्ब करना भाजपा की पुरानी फितरत है। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पिछली सरकार में भी भाजपा नेताओं ने षड़यंत्र का गंदा खेल खेला, लेकिन भाजपा की साजिशों को जनता भलीभांति समझ चुकी है और ऐसे प्रपंचों से जूझते हुए माननीय हेमंत सोरेन जी देश के सबसे सशक्त आदिवासी नेता बनकर राष्ट्रीय राजनीति में चमक रहे हैं।  

झामुमो महासचिव ने भाजपा नेताओं के प्रदर्शन को सत्ता की भूख से प्रेरित बताया। कहा कि भाजपा के नेताओं की सत्ता-लालसा इतनी बढ़ चुकी है कि वे कभी एकजुट नहीं हो पाते। प्रदर्शन में इसकी बानगी एक बार फिर देखने को मिली।

आपसी मतभेद, मनभेद और द्वेष से भरे भाजपा नेताओं के पास  जन आकांक्षाओं को समझने का वक्त ही कहां है। हर समय वह सत्ता की कुर्सी पर बैठने के लिए स्वांग रचने में अपना पूरा ध्यान और समय लगाते हैं। यही वजह है कि 2019 में रघुवर दास की सरकार को जनता ने सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। 2024 में भी झारखंड की महान जनता ने प्रचंड बहुमत से माननीय हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार को लगातार दूसरी बार चुना।

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार राज्य के हर कोने को बेहतर बनाने और हर वर्ग के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव सभी को समान अवसर दिया जा रहा है। हेमंत सरकार की लोकप्रियता से भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी भय और द्वेष से भर गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास कोई नई सोच या सृजनात्मक दृष्टि नहीं है, इसलिए वे हेमंत सरकार की नीतियों और योजनाओं को ही अपना रहे हैं। जब हेमंत सोरेन की योजनाएं तक भाजपा शासित राज्य और केंद्र सरकारें अपनाने को मजबूर हैं, तो भाजपा को तकलीफ होना स्वाभाविक है। झूठ और अफवाह से भाजपा जनता को भ्रमित नहीं कर पाएगी।

भाजपा ने रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन का मामला तोड़-मरोड़कर पेश किया

विनोद पांडेय ने कहा कि नगड़ी में रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन का मामला भी विपक्ष ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है। यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए है। रैयतों को उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। भाजपा किसानों के नाम पर झूठ बोलकर विकास रोकने का षड्यंत्र कर रही है। रिम्स टू राज्य के लोगों की आवश्यकता है।

विनोद पांडेय ने भाजपा नेताओं को नसीहत दी कि वे जनता को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल में हुए घोटालों और वादाखिलाफी का हिसाब दें। जिनके राज में खनन लूट, दवा खरीद घोटाला और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार हुआ, वे आज नैतिकता की बात न करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार आदिवासी, रैयत और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा चाहे जितनी नौटंकी कर ले, सरकार विकास और न्याय के एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी। जनता ने बार-बार झूठ की राजनीति को नकारा है, आगे भी नकारेगी।

Related Articles

Leave a Comment