
जब केवल चुनावी जीत के लिए देश चलेगा, भारत सरकार चलेगी तो न लोकतंत्र की रक्षा होगी और न ही देश मजबूत होगा

रांची : मणिपुर की तरह झारखंड में भी भाजपा एथनिक क्लैश कराने की नापाक कोशिश कर रही है।यहां पर भी एथनिक क्लैश करवाने की बार-बार कोशिश होती है। पर झारखंड में यह संभव नहीं है। रविवार को ये बातें झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहीं।

वो हरमू स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सामुदायिकता के साथ आगे बढ़ रहा है। सुप्रियो ने कहा कि जो बांटने की राजनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की है। कभी धर्म देखकर, कभी लु्ंगी देखकर। इस तरह से देश आगे नहीं बढ़ सकता।
भारत एक लोकतांत्रिक देश है
उन्होंने कहा कि हमारा देश लोकतंत्र में जीता है और उसकी ही बात करता है। पर जिस तरह से विगत 11 सालों में देश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं बढ़ रही हैं, वह चिंताजनक है। मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच हुए एथनिक क्लैश में 960 से ज्यादा मौतें हुई। हजारों लोग घायल हुए और 10,000 से ज्यादा घर जले। यह सब भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति के कारण हुआ।
मणिपुर में 50,000 लोग डिटेंशन सेंटर में रह रहे हैं। पर इतना सब होने पर भी प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं गए। वो मणिपुर तब पहुंचे जब वहां बिहार के साथ चुनाव होने हैं। जहां-जहां चुनाव होना है वहां प्रधानमंत्री जरूर जाते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
जब केवल चुनावी जीत के लिए देश चलेगा। भारत सरकार चलेगी तो न लोकतंत्र की रक्षा होगी और न ही देश मजबूत होगा। 870 दिन जो प्रदेश जला उसमें कैसे विश्वास जगेगा जब प्रधानमंत्री वहां नहीं पहुंचते हों। सुप्रियो ने कहा कि हर मणिपुरी व्यक्ति को फिर से स्थापित होने में केंद्र सरकार को सहयोग देना चाहिए, न कि केवल आश्वासन देना चाहिए।


