आर्चरी प्रीमियर लीग न केवल खेल के स्तर को ऊंचा उठाएगी, बल्कि युवाओं को भी देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी : अर्जुन मुंडा

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : देश भर के तीरंदाजी प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है कि जल्द ही देश की पहली आर्चरी प्रीमियर लीग की शुरुआत होने जा रही है। आर्चरी प्रीमियर लीग न केवल खेल के स्तर को ऊंचा उठाएगी, बल्कि युवाओं को भी देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।

गुरूवार को ये बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहीं। वे नई दिल्ली में आयोजित आर्चरी प्रीमियर लीग सिलेक्शन कमिटी की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक लीग का उद्देश्य न केवल भारतीय आर्चरी प्रतिभा को मंच देना है, बल्कि इस खेल को वैश्विक मंच पर नई पहचान और सम्मान दिलाना भी है। इस लीग में भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे प्रतिस्पर्धा और रोमांच दोनों अपने चरम पर होंगे।

इस लीग में देशभर से छह टीमें भाग लेंगी, महाराष्ट्र के माईटी मराठाज, तेलंगाना के काकतिया नाइट्स, राजस्थान के राजपुताना रॉयल्स, तमिलनाडु के चोला चीफ्स, झारखंड के चेरो आर्चर्स और दिल्ली के पृथ्वीराज योद्धा। इन टीमों के जरिए सभी को भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक देखने को मिलेगी।

श्री मुंडा ने कहा कि यह लीग हमारी सांस्कृतिक विविधता, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक प्रतिभा की पहचान बनेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *