Jharkhand Politics : झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू शुक्रवार को रांची पहुंचेंगे। उनके साथ तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लु भट्टी विक्रमार्क भी रहेंगे। दोनों नेताओं की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात प्रस्तावित है, जिसमें आगामी राज्यसभा चुनाव और सीट बंटवारे को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व महागठबंधन के तहत एक राज्यसभा सीट पर अपना दावा मजबूत तरीके से रखने की तैयारी में है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि झारखंड में होने वाले दो राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस को एक सीट मिलनी चाहिए। कांग्रेस प्रभारी के राजू ने भी साफ संकेत दिया था कि पार्टी एक सीट की दावेदार है।
इसी बीच कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय को प्रतिनिधित्व देने की जरूरत बताते हुए अपनी दावेदारी पेश की है।
गौरतलब है कि झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल होने के कारण दोनों सीटों पर जीत की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। हालांकि, झामुमो दोनों सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारने की रणनीति में दिख रही है, जबकि कांग्रेस गठबंधन धर्म का हवाला देकर एक सीट की मांग पर अड़ी हुई है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी सीमित संख्या बल के बावजूद चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दिया है।
