
रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार रात दरियादिली का परिचय देते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटा। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के बीच जब पूरा शहर अपने घरों में सिमटा हुआ था, उसी समय ठंड से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की पीड़ा समझने और उन्हें राहत देने के लिए वे सड़कों पर निकले और उनके बीच कंबल का वितरण किया।

उन्होंने अपनी टीम के साथ कर्बला चौक और रांची रेलवे स्टेशन परिसर में बेसहारा, वृद्ध, महिला एवं जरूरतमंद लोगों के बीच मुलायम और गुणवत्ता-पूर्ण कंबलों का वितरण किया।

कंबल पाकर लोगों के चेहरों पर जो सुकून और राहत दिखाई दी, वह इस मानवीय प्रयास की सार्थकता को बयान कर रहा था। कई लोगों की आंखों में संतोष और कृतज्ञता के भाव थे।
गुणवत्ता पूर्ण कंबल पाकर लोगों ने राज्य सरकार का हृदय से धन्यवाद दिया। कई जरूरतमंदों ने कहा कि इस भीषण ठंड में सरकार द्वारा की गई यह मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया।
ठंड से बचाव केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है। कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण पीड़ा न सहे, यही जिला प्रशासन का प्रयास है।
जिला प्रशासन द्वारा ठंड के मौसम में लगातार कंबल वितरण के कार्य किए जा रहे हैं, ताकि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी सरकार की चिंता और संवेदना पहुंचे। यह कंबल वितरण केवल एक सहायता नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की मानवीय सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण का जीवंत उदाहरण है।



