रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रविवार को यहां पहुंचीं। इस दौरान वह जमशेदपुर, गुमला और रांची में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनकी अगवानी की।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर लोक भवन तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा घेरे के बीच राष्ट्रपति का काफिला बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लोक भवन पहुंचा, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के झारखंड प्रवास के मद्देनजर जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को पहले से ही अलर्ट मोड पर रखा गया है और सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रविवार की रात राष्ट्रपति के सम्मान में विशेष रात्रि भोज का आयोजन किया गया है। इस रात्रि भोज में राष्ट्रपति की पसंद के व्यंजनों के साथ-साथ झारखंड के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों को प्रमुखता से शामिल किया गया है, ताकि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रस्तुत किया जा सके। अपने प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रपति सुबह करीब 9:45 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी।
वहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से जमशेदपुर जाएंगी। जमशेदपुर में राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगी और उन्हें संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान करेंगी। दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति शाम को रांची लौटेंगी।
तीसरे दिन, 30 दिसंबर को राष्ट्रपति सुबह लगभग 10:45 बजे हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगी। वहां आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के पश्चात वे झारखंड के गुमला जिले का भी दौरा करेंगी। इस दौरान वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों से संवाद करेंगी। उसी दिन वे रांची से दिल्ली लौट जाएंगी।

