मनमोहन सिंह के नेतृत्व ने अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूती दी: कांग्रेस

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था एवं लोकतंत्र को मजबूती दी।

सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हो गया था।

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर, हम एक सत्यनिष्ठा, विनम्रता और दूरदर्शिता वाले राजनेता को याद करते हैं। उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूत किया।

‘मुख्य विपक्षी दल ने कहा कि मनमोहन सिंह निस्वार्थ और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री रहे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।

डॉ मनमोहन सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व की मिसाल थे। वे सच्चे अर्थों में देश की प्रगति के लिए समर्पित रहे।’’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘उनकी सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।’

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *