
27वीं वेटरन एवं सीनियर टेनिस वॉलीबॉल राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आगाज़

रांची : खेलगांव स्टेडियम में गुरूवार को 27वीं वेटरन एवं सीनियर टेनिस वॉलीबॉल राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 900 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जदयू नेता धर्मेंद्र तिवारी और पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय रहे।

दोनों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अपने संबोधन में धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा देता है। इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि राज्यों के बीच आपसी भाईचारे को भी मजबूत करती हैं।
वहीं, संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि रांची जैसे शहर में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन यह दर्शाता है कि झारखंड खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। खिलाड़ियों को पूरा समर्थन मिलना चाहिए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सौमेन दत्ता (प्रदेश प्रवक्ता, जदयू), डॉ. आर.के. दास (प्राचार्य, एसएमपीएस), वेंकटेश (राष्ट्रीय अध्यक्ष) एवं ब्रजेश प्रसाद (महासचिव) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सौमेन दत्ता ने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है और सरकार एवं समाज को मिलकर खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच तैयार करना चाहिए।
उद्घाटन समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक झलकियों ने दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम आयोजन समिति के महासचिव ब्रजेश प्रसाद ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी और झारखंड को खेलों के मानचित्र पर एक सशक्त पहचान दिलाएगी।कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



