पर्व- त्योहारों को लेकर समन्वय स्थापित कर काम करें विभाग, जनता की सुरक्षा हो सर्वोपरि : डीसी

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सभी विभाग समन्वय स्थापित कर काम करें। जनता की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। रविवार को ये बातें रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहीं। वे उपायुक्त कार्यालय कक्ष में विधि-व्यवस्था एवं जन-सुरक्षा को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे।

मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों में भीड़-भाड़, जलाशयों, नदी घाटों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और एनडीआरएफ के सहयोग से विशेष तैयारी की जा रही है।

बैठक में एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कौशल कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान एनडीआरएफ की विशेष टीमें घाटों, पंडालों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेंगी।

इन टीमों के पास अत्याधुनिक उपकरण रहेंगे, जिनसे जल-जनित आपदाओं, दुर्घटनाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों से तुरंत निपटा जा सकेगा। साथ ही, भीड़ प्रबंधन एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पर्याप्त टीम की तैनाती की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रमुख पंडालों के आस-पास एनडीआरएफ की मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। छठ पर्व के अवसर पर सभी प्रमुख तालाबों एवं नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखा जाएगा।

जिला पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे करेंगे, ताकि आपदा की स्थिति में तत्परता बनी रहे।

श्री भजंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और शांति जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए और आम जनता को सतर्क रहने एवं प्रशासन के सहयोग करने के लिए जागरूक किया जाए।

बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार, एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी राकेश सिंह, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, एनडीआरएफ असिस्टेंट कमांडेंट कौशल कुमार तथा विंग कमांडर सूरज कुमार उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *