
सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस कार्यक्रम

रांची : शिक्षा सभी समस्याओं का हल है। शिक्षा एक ऐसा माध्यम है, जो जीवन की हर कठिन राह को आसान बनाता है। शिक्षा विहीन मनुष्य पशु के समान है। शिक्षा हासिल करने के लिए जीवन भर गुरु की आवश्यकता होती है।

शिक्षक दिवस के मौके पर ये बातें सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल, न्यू अशोक नगर के निदेशक डॉ दीपक कुमार ने कहीं। वे स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि गुरु अज्ञानता रूपी अंधेरे से निकाल कर ज्ञान रूपी प्रकाश से प्रकाशित करने का कार्य करता है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल जानकारी प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि यह चरित्र निर्माण और समाज निर्माण की मूल आधारशिला है।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में केवल शिक्षक-शिक्षिकाएं ही नहीं, बल्कि यहां कार्यरत सभी सहयोगी चाहे वे ड्राइवर हो, दीदी हों या कोई अन्य सफाई कर्मी, सभी विद्यालय परिवार का एक हिस्सा है। इस मौके पर विद्यालय प्राचार्या श्रावणी पांडे ने भी अपने वक्तव्य में शिक्षकों की भूमिका को प्रेरणादायी ढंग से प्रस्तुत किया।पूरे कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की छात्रा ने दक्षता और आत्मविश्वास के साथ किया।
इस प्रकार शिक्षक दिवस का यह समारोह अविस्मरणीय यादों के साथ संपन्न हुआ। इससे पहले स्कूल में शिक्षक दिवस कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और भव्य तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 9 एवं 10 के बच्चों द्वारा मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य करते हुए शिक्षकों को मंच पर लाने से की गई। इसके बाद बच्चों ने सभी शिक्षकों को गुलाब पुष्प और माथे पर तिलक लगा कर अपना सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ. दीपक कुमार, आर.के. प्रसाद, प्राचार्या श्रावणी पांडे, उप प्राचार्य अक्षय कुमार सिन्हा, वरिष्ठ शिक्षक निर्मल कुमार चौधरी, रेणु पाण्डे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। बच्चों ने विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य के संबंध की गरिमा को जीवंत किया।
इनमें गणेश वंदना, स्वागत गीत, कविता पाठ, नृत्य, नाटिका, सांस्कृतिक रैंप वॉक, “स्कूल नहीं जाना” की प्रस्तुति, यूकेजी बच्चों का मोबाइल अवेयरनेस स्किट, नवरात्रि विशेष नृत्य, हास्य दृश्य, “जमे रहो” गीत पर नृत्य और अंत में गुरुजनो को समर्पित नाटक प्रमुख आकर्षण का केंद रहा। इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों को अंग वस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।




