बिहार का चुनाव पूरे देश की दशा और दिशा तय करेगा : हेमंत सोरेन

Dayanand Roy
4 Min Read

महेश सिन्हा

पटना : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की मतदाता अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पटना आए।

इस दौरान मंच से लोगों को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि मौजूदा एनडीए सरकार साजिश, ईडी और इनकम टैक्स जैसे हथकंडों के जरिए विपक्षी जनप्रतिनिधियों को डराने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकार फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कर रही है। हेमंत सोरेन ने कहा कि हम लोगों को ईडी और सीबीआई का डर दिखाया जा रहा है। इसलिए वो सभी से अपील करते है कि एकजुट होकर चुनाव में इसका जवाब दे।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि बिहार का यह चुनाव सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश की दशा और दिशा तय करेगा। बिहार की ऐतिहासिक धरती से हमेशा ऐतिहासिक निर्णयों के साथ राजनीतिक गठबंधन और राजनीतिक रास्ते तय हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से यहां एसआईआर हुआ। यह सब वोट चोरी करने के लिए किया गया है। सभी को पता है कि स्पेशल वोटर रिवीजन और इंटेंसिव वोटर रिवीजन होता है, लेकिन स्पेशल इंटेंसिव वोटर रिवीजन कहां से होने लग गया? भाजपा गद्दी छोड़ कर पूरे देश में एसआईआर कराए, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।

उन्होंने कहा कि वोट चोरी की यह प्रक्रिया कोई नई नहीं है, लेकिन राहुल गांधी ने अब इन्हें बेनकाब करने का काम किया है। हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत उन्हें जेल में डाल दिया गया, वरना जिस तरह झारखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, उसी तरह लोकसभा में भी एनडीए को खाता खोलने का मौका नहीं मिलता।

उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव पूरे देश की दिशा तय करेगा। पिछड़ा, दलित और आदिवासी अगर एकसाथ आ गए तो ये कहीं नहीं टिकेंगे। झारखंड-बिहार हमेशा एक साथ आगे बढ़ा है। इन राज्यों से कई महिला-पुरुष पलायन करते हैं।

झारखंड से भी पहले पलायन करते थे, लेकिन आज हमने झारखंड में पलायन रोक दिया है। इंडिया गठबंधन के साथ आप लोगों को खड़ा कीजिए। हम सिर्फ कहते नहीं बल्कि करके दिखाते हैं। हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि साल 2014 में कुछ चालाक लोगों द्वारा सत्ता हासिल कर ली गई थी। अगर अब सचेत नहीं हुए तो परेशानी बढ़ सकती है। जब-जब हमने एकजुट होकर लड़ाई लड़ी है हमने जीत पाई है।

आज एनडीए की सरकार फुट डालो, राज करो की नीति पर काम कर रही है। हेमंत सोरेन ने राहुल गांधी को बड़ा भाई बताते कहा कि वोट किसी पार्टी का नहीं है, यह देश का वोट है। 2014 से जिस तरीके से इन लोगों ने तबाह किया है, ऐसे में आज अगर नहीं चेतो तो फिर दोबारा मौका नहीं मिलेगा।

आजादी के बाद जितने लोग नहीं मरे, उससे ज्यादा 2014 के बाद से लोगों की मौत हुई। आदिवासी, पिछड़े लोगों पर युगों युगों से अत्याचार होता आया है। वोट चोरी आज से नहीं हो रही है। राहुल गांधी ने काफी दिनों से इस पर नजर बना रखी थी, अब वोट चोरी करने वाले समूह को पकड़ लिया। इसलिए आज आखिरकार वोट चोरी करने वाले की पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि् यह चुनाव मात्र नहीं है, यह बिहार नहीं देश बचाने का संकल्प होगा।

लेखक न्यूजवाणी के बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *