मानसून पहुंचा झारखंड, 18 और 19 जून को भारी वर्षा होने का अनुमान

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची: दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को झारखंड पहुंचा तथा राज्य के 24 में से 18 जिलों में वह फैल गया। एक मौसम अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि के लिए महत्वपूर्ण यह मौसमी बारिश लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा के कुछ हिस्सों में भी हुई है।

मौसम विभाग ने 17 जून से 20 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 18 और 19 जून को ऑरेंज अलर्ट, जबकि 17 और 20 जून को यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 21 जून को भी बारिश की संभावना जताई गई है।

इधर सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्से में बादल छाए हुए हैं। जमशेदपुर, जामताड़ा और हजारीबाग जैसे जिलों में बारिश हो रही है।मौसम विभाग के मुताबिक, आज लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

18 जून को कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 19 जून को कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो और रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश और वज्रपात का अनुमान है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी गरज के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

20 जून को पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। गरज के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी और वज्रपात की भी आशंका है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 21 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *