डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण, कहा- मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं सिविल सर्जन

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को मरीजों की बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर रांची सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना। डीसी ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को विशेष निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री भजंत्री ने अस्पताल की डिस्पेंसरी का दौरा किया और वहां उपलब्ध दवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और मरीजों को दवाओं की कमी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और तत्पर रहने की हिदायत दी गई। डीसी ने सिविल सर्जन को अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि मरीजों का विश्वास जीतने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने अस्पताल प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं सभी जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचें।

डीसी ने विशेष रूप से कहा की “सदर अस्पताल रांची जिले का एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। हमारी प्राथमिकता है कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और उचित चिकित्सा सुविधा मिले। इसके लिए सभी स्तरों पर सुधार किए जाएंगे और नियमित निगरानी की जाएगी।”

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सदर डॉ. प्रभात कुमार अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। डीसी ने सभी से समन्वय बनाकर कार्य करने और मरीजों की सेवा को प्राथमिकता देने को कहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *