मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का ‘स्वर्णिम कालखंड’: शाह

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का ‘स्वर्णिम कालखंड’ रहा है।

शाह ने कहा कि यह नया भारत ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ की शक्ति के साथ विकास और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर भारत को हर क्षेत्र में ‘नंबर 1’ बनाने की यह यात्रा जारी रहेगी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मोदी सरकार के 11 साल का समय जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का ‘स्वर्णिम कालखंड’ रहा है। सेवा के 11 वर्षों में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है।’’

मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला साल सोमवार को पूरा हो रहा है।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नेतृत्व स्पष्ट हो, संकल्प अडिग हो और नीयत जनसेवा की हो तो सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं।’’

शाह ने कहा कि जब 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, तब देश में नीतिगत पंगुता की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि उस समय न कोई नीति थी, न नेतृत्व था और घोटाले तो चरम पर थे, अर्थव्यवस्था जर्जर थी और शासन प्रणाली दिशाहीन थी।

गृह मंत्री ने कहा कि ‘सेवा के 11 वर्षों’ के दौरान ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ द्वारा देश के विकास की गति और पैमाने को बदल दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *