नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली विश्वविद्यलय (डीयू) का दौरा किया और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों के छात्रों के साथ बातचीत की।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) अध्यक्ष के कार्यालय में आयोजित संवाद सत्र में कई कॉलेजों और विभागों के छात्र शामिल हुए। इस संबंध में डूसू की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि छात्रों के साथ बातचीत करते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता ने लोकतांत्रिक भागीदारी और समावेशी शैक्षणिक स्थानों के महत्व पर प्रकाश डाला।
छात्रों ने जाति आधारित भेदभाव, संकाय पदों और शीर्ष प्रशासनिक पदों पर हाशिए पर पड़े समुदायों के प्रतिनिधित्व की कमी और शीर्ष बहुराष्ट्रीय निगमों में नियुक्ति से उनके बहिष्कार पर चिंता जताई।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत कौशल वृद्धि पाठ्यक्रमों (एसईसी) और मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रमों (वीएसी) के असंगत शैक्षणिक भार के बारे में भी शिकायतें व्यक्त कीं, जिसके बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि इससे संकाय सदस्यों को अत्यधिक शक्ति मिल गई है।
