बिहार में दूसरे और अंतिम चरण की 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को  पड़ेंगे वोट

Dayanand Roy
3 Min Read

राज्य के 12 मंत्रियों सहित कई दिग्गजों के भाग्य का होगा फैसला

मांझी और कुशवाहा परिवार की अग्नि परीक्षा भी इसी चरण में होगी।

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में राज्य  की 122 सीटों के लिए मंगलवार को कड़े सुरक्षा प्रबंध के बीच वोट डाले जायेंगे।इन विधानसभा क्षेत्रों के 3.70 करोड़ मतदाता 45,399 बूथों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर  इन सीटों पर  खड़े 1302 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।

दूसरे चरण के मतदान में राज्य सरकार के 12 वर्तमान मंत्रियों के भाग्य का फैसला होगा। इनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल),प्रेम कुमार (गया टाउन),नीतीश मिश्र (झंझारपुर),नीरज कुमार बबलू(छातापुर) , शीला मंडल (फुलपरास)लेशी सिंह (धमदाहा),रेणु देवी(बेतिया)जयंत राज (अमरपुर), सुमित कुमार सिंह (चकाई),जमा खान (चैनपुर), विजय कुमार मंडल (सिकटी),और कृष्ण नंदन पासवान (हरसिद्धि-सु) शामिल हैं।

इनके अलावा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी (सिकंदरा), पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद (कटिहार) और कई पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होगा। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा के परिवार की अग्नि परीक्षा भी इसी चरण में होगी। मांझी की समधन और  बहु तथा कुशवाहा की पत्नी भी चुनाव मैदान में हैं।

दूसरे चरण की इन सीटों पर औसतन 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवार चैनपुर और गया टाउन सीट पर हैं। जबकि सबसे कम 5-5 उम्मीदवार लौरिया,चनपटिया,रक्सौल, सुगौली,त्रिवेणीगंज और बनमनखी से चुनाव लड़ रहे हैं।

इस चरण में 27 सीटों पर भाजपा और राजद के बीच सीधी टक्कर होगी। वहीं 19 सीटों पर भाजपा का   कांग्रेस से मुकाबला है। भाजपा  चार पर वीआईपी,दो पर माकपा और एक सीट पर भाकपा से लड़ रही है।

जदयू और राजद 25 सीट पर आमने-सामने है। जदयू का 12 पर कांग्रेस ,चार पर भाकपा-माले ,तीन पर वीआईपी ,दो पर भाकपा और एक सीट पर  माकपा से मुकाबला है। लोजपा (रा) का  नौ  सीट पर राजद, चार पर  कांग्रेस, एक पर वीआईपी और एक सीट पर  भाकपा -माले से मुकाबला है।

हम की पांच सीटों पर राजद और एक पर कांग्रेस से भिड़ंत है।

महागठबंधन में इस चरण में राजद और कांग्रेस  से बीच तीन  सीटों नरकटियागंज, सिकंदरा और  सुल्तानगंज में दोस्ताना संघर्ष है। कांग्रेस और भाकपा करगहर  में आमने-सामने है। जबकि चैनपुर में राजद और वीआईपी आपस में भिड़ेंगे।

दूसरे और अंतिम चरण में भी मुख्य मुकाबला नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच है। हालांकि, कई क्षेत्रों में जन सुराज और एआईएमआईएम की मजबूत मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *