
रांची : राजधानी की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शोभा चक्रवर्ती का बुधवार को निधन हो गया। बीते कुछ समय से वह अस्वस्थ थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। हाल ही में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना था। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है। उन्होंने 85 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।

मरीजों से मिलना उन्हें बहुत प्रिय था
डॉ. शोभा चक्रवर्ती ने अपना पूरा जीवन महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए समर्पित किया। उन्होंने रांची में एक विश्वसनीय व सम्मानित चिकित्सक के रूप में अपनी पहचान बनाई। लगभग सात वर्ष पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वे पुनः मरीजों की सेवा में जुट गई थीं। एक पुराने साक्षात्कार में डॉ. चक्रवर्ती ने कहा था कि मरीजों से मिलना उन्हें बहुत प्रिय था और उनके बिना उनका मन नहीं लगता था। उनकी यह सेवा भावना रांची की जनता और चिकित्सा समुदाय हमेशा याद रखेगा।



