पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाओं से भरा प्रदेश है झारखंड : हेमंत सोरेन

Dayanand Roy
2 Min Read

कार्यक्रम में झारखंड पर्यटन और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के लोगो के साथ सांस्कृतिक दल प्रबंधन प्रणाली का भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुभारंभ किया

रांची : झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।  कुदरत ने झारखंड को खनिज संपदा के साथ प्राकृतिक सौंदर्य भी उपहार में दिया। हमारी सरकार राज्य की समृद्ध सामजिक- सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती को देश-दुनिया के मानचित्र पर पहचान दिलाने की कोशिश कर रही है। गुरूवार को ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं। वे प्रोजेक्ट भवन के सभागार में नगर विकास और आवास विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया।

राज्य का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है।  राज्य को मजबूत और बेहतर बनाने की दिशा में सरकार प्रयासरत है। नियुक्तियों के साथ सभी सेक्टरों में काम हो रहा है। सीएम ने कहा कि आज शहरों की उपलब्ध सुविधाओं के कारण गांव के लोग बड़ी संख्या में शहरों की ओर से आ रहे हैं। इस वजह से शहर के आकार और जनसंख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। पर शहर सुंदर और आकर्षक दिखे इसलिए उसका योजनाबद्ध तरीके से विकास जरूरी है। आज जिनको नियुक्ति पत्र मिला है वे ईमानदारी और कुशलता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

नियुक्तियों के बाद बेहतर होंगे शहरी निकाय

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि आज जो नियुक्तियां हुई हैं उससे शहरी निकायों की गुणवत्ता में बेहतरी आयेगी। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के युग में हम देश-दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के विकास के लिए जो कदम उठाए हैं उसके बेहतर परिणाम आयेंगे और झारखंड और खुशहाल होगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी, राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *