
पटना : बिहार में पहली बार 9 और 10 अगस्त को राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के परिसर में ‘एशिया रग्बी (अंडर-20) चैंपियनशिप-2025 का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में 09 देशों की 16 टीमें भाग लेंगी। भारत के साथ-साथ चीन, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया एवं नेपाल की टीमें इस प्रतियोगिता में शामिल होंगी।

इससे पहले शुक्रवार को 1, अणे मार्ग में इस चैंपियनशिप के ‘शुभंकर‘ एवं ‘प्रतीक‘ का अनावरण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस मौके पर नीतीश ने कहा कि यह आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेलों की बुनियादी संरचना को और मजबूत करने तथा युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।



