
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग संस्थान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आपकी परेशानी को हम अपने कंधों में लें और आपका भविष्य बनाने का प्रयास करें, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

मेडिकल, इंजीनियरिंग की कोचिंग हमारा पहला पड़ाव है, इसके बाद JPSC, UPSC, SSC, Banking, Railway, Management समेत अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर बनाने की तैयारी में हम लोग हैं ताकि आपकी उपस्थिति वहां भी दर्ज हो सके।

पूरी सरकार हमारी आने वाली पीढ़ी के साथ खड़ी है, आप मेहनत कीजिए, आपकी सफलता ही हमारे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा। आप पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ अपनी संस्कृति के आदान-प्रदान करने का भी कार्य करें।
आपके बेहतर भविष्य के लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह परिसर कभी नेताओं के भाषण का बहुत बड़ा उपयोगी स्थान रहा है लेकिन आज इस मैदान में इतना बड़ा कैंपस और इस कैंपस में भविष्य की सोच रखने वाली योजना अपना अस्तित्व ले रही है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप सभी बच्चे अपने लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
यहां बच्चों के लिए खेलकूद की भी व्यवस्था हो, बच्चे सभी गतिविधि में शामिल हों, इसका ध्यान रखा जाए। बच्चों के बेहतर भविष्य, उनकी पढ़ाई-लिखाई के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ भी लाखों बच्चों को मिल रहा है।
आज एक नया अध्याय हम लोगों ने आने वाली पीढ़ी के लिए तैयार किया है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के नाम से यह संस्थान अपनी ऊंचाइयों को छुए, इसके लिए ऐतिहासिक प्रयास की शुरुआत हुई है।
इस संस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जो मोशन संस्था आई है उसके सभी सदस्यों का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। अब यहां से बच्चे मेडिकल और इंजीनियरिंग की निःशुल्क कोचिंग लेकर बेहतर कॉलेजों में दाखिला ले सकेंगे, इसके लिए आप सभी बच्चों को तराशा जाएगा।



