
संत मरिया महागिरजाघर से निकली शोभायात्रा का समापन लोयोला मैदान में हुआ

शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे

रांची : कैथोलिक समुदाय की ओर से रविवार को बड़े ही सम्मान और उत्साह के साथ ख्रीस्त राजा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर पुरुलिया रोड स्थित संत मरिया महागिरजाघर से दिन के एक बजे ख्रीस्त राजा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, इस शोभायात्रा में इसाई धर्म के पुरोहित, महिला एवं बच्चे तथा अन्य लोग शामिल हुए।
शोभायात्रा में निर्मला कॉलेज, सब संतों का गिरजाघर डोरंडा पल्ली, कोकर पल्ली डुमरदगा यूनिट तथा अन्य पल्लियों ने हिस्सा लिया। शोभा यात्रा में शामिल मसीहियों के हाथों में प्ले कार्ड था जिसमें लिखा था हमारे मुक्तिदाता की जय। येसु राजाधिराज की जय।
10,000 से ज्यादा मसीही विश्वासी हुए लोयोला मैदान में जमा
शोभायात्रा पुरुलिया रोड से शुरू होकर सर्जना चौक, अलबर्ट एक्का चौक, ओल्ड एचबी रोड, थड़खना और लालपुर चौक से गुजरती हुई डंगराटोली चौक पहुंची। शोभा यात्रा का समापन शाम साढ़े तीन बजे लोयला मैदान में प्रार्थना सभा के साथ किया गया।

इस मौके पर लोयोला मैदान में 10000 से ज्यादा मसीही विश्वासियों का जुटान हुआ। पूरे मार्ग में विश्वासियों ने गीत, प्रार्थना और संदेशों के माध्यम से शांति और सद्भाव की भावना को प्रकट किया। ख्रीस्त राजा पर्व मनाने के पीछे ईसाईयों की धारणा है कि ख्रीस्त केवल विश्व के ही नहीं स्वर्ग के भी राजा हैं। वे ईसा मसीह को धर्मगुरु और मुक्तिदाता के रूप में मानते हैं।
अगले रविवार से आगमन काल में प्रवेश करेंगे मसीही
ख्रीस्त राजा पर्व के अगले रविवार (30 नवंबर) से मसीही विश्वासी आगमन काल में प्रवेश करेंगे। इस काल के चार सप्ताह के दौरान विश्वासी यीशु ख्रीस्त के जन्मपर्व की तैयारी में जुटेंगे। होली एंजिल्स चर्च के फादर आनंद सुरीन ने कहा कि आगमन के दौरान मसीही खुशी पूर्वक उपवास और प्रार्थना करेंगे। इसके अलावा घरों और मोहल्लों की साफ सफाई भी होगी।
इस तरह इस काल में लोग भौतिक और आंतरिक रूप से बालक यीशु के स्वागत के लिए खुद को तैयार करेंगे। आगमन काल के साथ ही गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना का दौर शुरू हो जायेगा।
गौरतलब है कि ईसाई समाज के महापर्व क्रिसमस से एक माह पहले ख्रीस्त राजा पर्व मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि इसी दिन से प्रभु का आगमन काल प्रारंभ होता है।जिसके बाद से मसीही विश्वासी क्रिसमस की तैयारियों में जुट जाते हैं।

खूब बिके संत मैरी कैथेड्रल के कैलेंडर
लोयोला मैदान में ख्रीस्त राजा पर्व को लेकर संत मैरी कैथेड्रल के कैलेंडर की खूब बिक्री हुई। एक कैलेंडर का मूल्य 30 रुपये था और इसे संत मारिया महागिरजाघर की ओर से प्रफुल्ल तिर्की, प्रियांशु, अरमान लकड़ा और रितेश लकड़ा बेच रहे थे।


