
बुंडू: बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बुंडू पुलिस ने एक संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश अहीर, जीतलाल महली और भूपेश महतो के रूप में हुई है। सभी बुंडू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

इस बाबत शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने बताया कि वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि ताऊ इलाके में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री होने वाली है।
सूचना मिलते ही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) का गठन किया गया और ताऊ मैदान में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को बाइक के साथ पकड़ा गया। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का राज उगल दिया।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीनों अपराधियों को धर दबोचा और उनकी निशानदेही पर 9 चोरी की बाइक और एक ट्रैक्टर बरामद कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


